नर्मदापुरम- शीतला सप्तमी आज सुबह से मंदिरों में भक्तों का लगा तांता
नर्मदापुरम जिले में शीतला सप्तमी के अवसर पर आज शीतला माता मन्दिरों में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है।
नर्मदापुरम जिले में शीतला सप्तमी के अवसर पर आज शीतला माता मन्दिरों में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। जिले के प्रसिद्ध सिवनी मालवा स्थित शीतला माता मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 5 बजे से ही मंदिर में महिलाओं का तांता लग गया।
महिलाओं ने माता से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। होली के बाद सातवें दिन मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है। यह त्योहार विशेष रूप से विवाहित महिलाओं द्वारा मनाया जाता है।
मंदिर के पुजारी प्रह्लाद तिवारी ने बताया कि इस दिन माता को एक दिन पहले बना ठंडा भोजन भोग के रूप में चढ़ाया गया है। माता को पूड़ी, गुलगुला, नीम की डाल, नारियल, हल्दी और अक्षत अर्पित किए जाते हैं। वहीं भक्तों का मानना है कि माता की पूजा से घर में सुख-समृद्धि आती है। माता शीतला को शीतलता प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। इसी कारण होली के बाद शीतला सप्तमी और शीतला अष्टमी का विशेष महत्व है।