पटना: ज्ञान भवन में रोजगार मेला-2025 का हुआ आयोजन
रोजगार मेला-2025 का उद्घाटन राज्य के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह एवं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने संयुक्त रूप से किया।
श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार द्वारा आज पटना स्थित ज्ञान भवन में एक दिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेला-2025 का उद्घाटन राज्य के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह एवं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर आयोजित मेले में 40 से अधिक निजी कंपनियों ने भाग लिया, जिनके माध्यम से हज़ारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान 4000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें से 2000 युवाओं को ऑन-द-स्पॉट (मौके पर ही) नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
श्रम मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा:
“राज्य के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बिहार सरकार लगातार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। पिछले एक वर्ष में 70 हज़ार से अधिक युवाओं को नौकरी प्रदान की गई है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।”
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने इस पहल को युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए अधिक अवसर सुनिश्चित कर रही है। रोजगार पाने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।