पटना हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर, दो गिरफ्तार

पटना के उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या का कारण भूमि विवाद और कारोबारी रंजिश बताया गया है।

पटना हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर, दो गिरफ्तार

पटना के चर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों—व्यवसायी अशोक साव और सुपारी किलर उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या भूमि विवाद और व्यवसायिक रंजिश के चलते कराई गई थी।

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि गोपाल खेमका की हत्या एक योजनाबद्ध साजिश थी, जिसमें सुपारी देकर हत्या कराई गई। तेजतर्रार शूटर उमेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्य और डिजिटल प्रमाणों के आधार पर केस को सुलझाने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि उमेश यादव के पटना सिटी स्थित घर से सुपारी के तौर पर दिए गए पैसे बरामद किए गए हैं। वहीं अशोक साव के घर से नकदी और बड़ी संख्या में भूमि संबंधित दस्तावेज भी जब्त हुए हैं, जिससे यह साफ होता है कि हत्या की जड़ भूमि विवाद था।

इससे पहले, इस हत्या में शामिल शूटरों को हथियार उपलब्ध कराने वाला विकास उर्फ राजा को पुलिस ने आज सुबह मुठभेड़ में मार गिराया।

गौरतलब है कि गोपाल खेमका की हत्या 4 जुलाई को पटना में उनके घर के पास कर दी गई थी। जब वह अपनी कार से घर में प्रवेश कर रहे थे, तभी एक हमलावर ने नजदीक से उन्हें गोली मार दी थी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।