बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण में 1314 उम्मीदवार मैदान में, दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब 121 सीटों पर 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि दूसरे चरण के नामांकन की समय सीमा समाप्त हो गई है।

बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण में 1314 उम्मीदवार मैदान में, दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए नाम वापस लेने की समय सीमा आज समाप्त हो गई है। इस चरण में अब कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जो 121 विधानसभा सीटों पर अपनी किस्मत आजमाएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में 61 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। इससे पहले, 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों के लिए कुल 1,690 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 1,375 नामांकन वैध पाए गए।

पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को संपन्न होगा, जिसके लिए सभी तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली गई हैं।

इसी बीच, दूसरे और अंतिम चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की समय सीमा भी समाप्त हो गई है। इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटें शामिल हैं। नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 23 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।

बिहार में दो चरणों में होने वाले इस विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है। सभी पार्टियाँ अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान को धार देने में जुटी हैं।