यूपी में बारिश-बाढ़ से हाहाकार: मथुरा, प्रयागराज और वाराणसी में हालात बिगड़े, 25 जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। मथुरा, प्रयागराज और वाराणसी में जलस्तर बढ़ने से हालात बिगड़े, कई इलाकों में घर डूबे और स्कूल बंद। प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग से दूर रहने की अपील की।

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और नदियों का बढ़ता जलस्तर लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। गंगा और यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं, जिससे कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा के वृंदावन में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
प्रयागराज में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। छोटा बघाड़ा क्षेत्र में एक हजार से ज्यादा घर पानी में डूब गए हैं और नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण नाव सेवा रोक दी गई है। वाराणसी के नगवां इलाके में असि नाले का पानी घरों में घुस गया है, जिससे करीब 30 परिवार बाढ़ में फंसे हुए हैं। गंदे पानी और कूड़े के सड़ने से लोग दुर्गंध से परेशान हैं।
बारिश की मार: यूपी में हाहाकार
-
25 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई जगहों पर बाढ़ के हालात
-
मथुरा और शाहजहांपुर में 12वीं तक के स्कूल बंद
-
मथुरा का करीब 50% इलाका बाढ़ प्रभावित, 15 साल बाद इतने बड़े स्तर की बाढ़
-
राधा वल्लभ मंदिर और बांकेबिहारी मार्ग पर भी पानी भर गया, आवागमन बंद
-
वृंदावन का परिक्रमा मार्ग पूरी तरह डूबा
-
प्रयागराज में नाव सेवा रोकी गई
-
आगरा में यमुना नदी का पानी सड़कों पर भर गया
लगातार बारिश और ताजेवाला बांध से छोड़े गए पानी की वजह से यमुना का जलस्तर छह दिनों से खतरे के निशान 166 मीटर से ऊपर बना हुआ है। गुरुवार शाम जलस्तर 166.56 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने से श्रद्धालुओं की संख्या में 30 प्रतिशत तक की कमी आ गई है।
प्रशासन ने अगले 24 से 48 घंटों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताते हुए श्रद्धालुओं और आम लोगों से परिक्रमा मार्ग पर न जाने की अपील की है।