इंदौर : जनहित में कोल्ड्रिफ और नेक्सट्रॉस सिरप की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक
जनहित में कोल्ड्रिफ और नेक्सट्रॉस-डीएस सिरप की बिक्री पर रोक लगाई गई। सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने औषधि निरीक्षकों को बाजार से स्टॉक हटाने के निर्देश दिए।
जनहित को ध्यान में रखते हुए कोल्ड्रिफ (Coldrif) और नेक्सट्रॉस-डीएस (Nextros-DS) ब्रांड के सिरप की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह निर्णय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हासानी द्वारा जारी किया गया है।
डॉ. हासानी ने बताया कि इन दोनों दवाओं की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य पर संभावित प्रभाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने वरिष्ठ औषधि निरीक्षक को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि बाजार में उपलब्ध कोल्ड्रिफ और नेक्सट्रॉस सिरप का स्टॉक तत्काल हटाया जाए और उसकी बिक्री पूरी तरह बंद की जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि वे इन ब्रांड्स की दवाएं फिलहाल न खरीदें और अपने चिकित्सक से परामर्श लेकर ही किसी भी सर्दी-खांसी की दवा का सेवन करें। यह कदम जनहित और उपभोक्ता सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है ताकि किसी भी तरह की स्वास्थ्य जोखिम की संभावना को रोका जा सके।