उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का पीएम मोदी ने कराया परिचय, विपक्ष से भी समर्थन की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का परिचय कराया। पीएम ने सभी दलों और विपक्ष से सर्वसम्मति से समर्थन की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक में उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का परिचय कराया। बैठक में शामिल सांसदों से पीएम मोदी ने अपील की कि सभी दल मिलकर राधाकृष्णन का समर्थन करें।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मंगलवार सुबह दिल्ली में एनडीए संसदीय दल की बैठक में भाग लिया। उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी के पक्ष में उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई।”
किरेन रिजिजू का बयान
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि एनडीए संसदीय दल की बैठक में सीपी राधाकृष्णन का औपचारिक परिचय कराया गया। सभी सांसदों और फ्लोर लीडर्स ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और बधाई दी। रिजिजू ने बताया कि सांसदों ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया और इस उम्मीदवारी पर खुशी जताई।
विपक्ष से समर्थन की अपील
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से विपक्षी दलों से अपील की है कि वे भी सीपी राधाकृष्णन को समर्थन दें। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सभी दलों से इस विषय में बातचीत कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा, “हम चाहते हैं कि हम सब मिलकर राधाकृष्णन को सपोर्ट करें। यह लोकतंत्र और देश दोनों के लिए अहम होगा और राज्यसभा संचालन में भी मददगार साबित होगा।”
राधाकृष्णन की छवि
किरन रिजिजू ने राधाकृष्णन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका जीवन पूरी तरह सादगीपूर्ण और ईमानदार रहा है। उनके ऊपर न तो भ्रष्टाचार का कोई आरोप है और न ही किसी विवाद की छाया। उन्होंने हमेशा समाज और देश की सेवा को प्राथमिकता दी है। रिजिजू ने कहा कि अगर ऐसा व्यक्ति उपराष्ट्रपति बने तो यह पूरे देश के लिए गर्व और खुशी की बात होगी।