ओपनएआई ने भारत में लॉन्च किया नया प्लान ‘चैटजीपीटी गो’, केवल 399 रुपए में मिलेगा जीपीटी-5 का अनुभव
ओपनएआई ने भारत में नया सब्सक्रिप्शन प्लान ‘चैटजीपीटी गो’ लॉन्च किया है। मात्र 399 रुपए प्रति माह में जीपीटी-5 आधारित सुविधाएं, यूपीआई भुगतान और भारतीय भाषाओं का समर्थन उपलब्ध।
अमेरिकी तकनीकी दिग्गज ओपनएआई ने मंगलवार को भारतीय यूजर्स के लिए एक नए सब्सक्रिप्शन प्लान ‘चैटजीपीटी गो’ की घोषणा की है। यह प्लान जीएसटी सहित 399 रुपए प्रति माह में उपलब्ध होगा और यूजर्स इसका भुगतान सीधे यूपीआई के माध्यम से कर सकेंगे।
उद्देश्य और सुविधाएं
इस नए प्लान का मकसद भारत में उन्नत एआई टूल्स को और अधिक सुलभ और किफायती बनाना है। कंपनी ने बताया कि ‘चैटजीपीटी गो’ पूरी तरह जीपीटी-5 पर आधारित है। इसमें यूजर्स को भारतीय भाषाओं में सहज अनुभव मिलेगा।
फ्री वर्जन की तुलना में इसमें 10 गुना अधिक मैसेज लिमिट, 10 गुना अधिक इमेज जनरेशन और 10 गुना अधिक फाइल व इमेज अपलोड की सुविधा होगी। इसके साथ ही, यूजर्स को पर्सनलाइज्ड रिस्पॉन्स के लिए दोगुनी मेमोरी भी प्रदान की जाएगी।
अन्य सब्सक्रिप्शन विकल्प
यह नया प्लान कंपनी के मौजूदा सब्सक्रिप्शन टायर्स के साथ उपलब्ध होगा। फिलहाल, ओपनएआई का चैटजीपीटी प्लस प्लान 1,999 रुपए प्रति माह पर उपलब्ध है, जिसमें तेज प्रदर्शन, प्राथमिकता एक्सेस और अधिक उपयोग सीमा दी जाती है।
वहीं, पेशेवरों और बड़े उद्यमों के लिए चैटजीपीटी प्रो प्लान भी मौजूद है, जिसकी कीमत जीएसटी सहित 19,900 रुपए प्रति माह है। इसमें कस्टमाइजेशन, उच्चतम स्केल और एडवांस्ड मॉडल्स तक पहुंच की सुविधा शामिल है।
भारत चैटजीपीटी का दूसरा सबसे बड़ा बाजार
ओपनएआई के उपाध्यक्ष और प्रमुख निक टर्ली ने कहा कि भारत में लाखों लोग हर दिन सीखने, काम करने, रचनात्मक कार्यों और समस्या समाधान के लिए चैटजीपीटी का उपयोग करते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ‘चैटजीपीटी गो’ से ये क्षमताएं और भी आसान हो जाएंगी, खासकर यूपीआई भुगतान की सुविधा के कारण।
कंपनी के अनुसार, भारत चैटजीपीटी का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है और यह सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। सभी यूजर्स को जीपीटी-5 तक पहुंच उपलब्ध है, लेकिन प्लस यूजर्स को इसका अधिक उपयोग करने का अवसर मिलेगा और प्रो यूजर्स को जीपीटी-5 प्रो का एक्सेस दिया जाएगा।