हिलसा विधानसभा से एनडीए ने फिर जताया भरोसा, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया होंगे जदयू प्रत्याशी
नालंदा की हिलसा विधानसभा सीट से एनडीए ने दोबारा जदयू विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए फिर सरकार बनाएगा।

नालंदा जिले की हिलसा विधानसभा सीट से एनडीए ने एक बार फिर वर्तमान विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया पर भरोसा जताया है। उन्हें आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के टिकट पर एनडीए प्रत्याशी घोषित किया गया है।
हिलसा में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कृष्ण मुरारी शरण ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार फिर से बनेगी।”
उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के कार्यकर्ता चुनावी तैयारियों में पूरी तरह सक्रिय हैं और जनता का समर्थन भी एनडीए के साथ है।
हिलसा विधानसभा वह सीट है, जहां 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में मात्र 12 वोटों के अंतर से जीत-हार का फैसला हुआ था। यह उस चुनाव की सबसे करीबी टक्कर वाली सीट मानी गई थी।
वर्तमान में जदयू विधायक कृष्ण मुरारी शरण क्षेत्र में अपने जनसंपर्क, विकास कार्यों और कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी लोकप्रियता और संगठनात्मक मजबूती को देखते हुए एनडीए ने उन्हें एक बार फिर उम्मीदवार बनाकर हिलसा सीट जीतने का भरोसा जताया है।