यूपी बोर्ड परीक्षा 2025: 17 मार्च से शुरू होगा कॉपियों का मूल्यांकन, अप्रैल के अंत तक आ सकते हैं नतीजे
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएँ 12 मार्च 2025 को समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद 17 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएँ 12 मार्च 2025 को समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद 17 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी है। परीक्षा के बाद 13 मार्च को होलिका दहन और 14 मार्च को होली का पर्व होने के कारण दो दिनों तक मूल्यांकन केंद्रों तक कॉपियाँ पहुंचाना संभव नहीं होगा। ऐसे में 15 या 16 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन केंद्रों तक भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बोर्ड के सूत्रों के अनुसार, 15 से 16 दिनों में मूल्यांकन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक मूल्यांकन कार्य पूरा हो सकता है। इसके बाद, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में घोषित किए जा सकते हैं।
ओएमआर शीट का मूल्यांकन 6 मार्च से शुरू
बोर्ड ने 20 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा के लिए प्रयोग की जा रही ओएमआर शीट के मूल्यांकन की प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू करने की योजना बनाई है। चूंकि ओएमआर शीट की संख्या अधिक है, इसलिए इसे तीन चरणों में संकलन केंद्रों से क्षेत्रीय कार्यालयों और फिर कंप्यूटर फर्मों तक पहुंचाया जाएगा।
- पहला चरण: 24 फरवरी से 3 मार्च तक हुई परीक्षाओं की ओएमआर शीट 4 मार्च को संकलन केंद्र से क्षेत्रीय कार्यालय और 6 मार्च को कंप्यूटर फर्मों को भेजी जाएगी।
- दूसरा चरण: 4 से 9 मार्च तक की ओएमआर शीट 10 मार्च को क्षेत्रीय कार्यालय और 12 मार्च को कंप्यूटर फर्मों को भेजी जाएगी।
- तीसरा चरण: 10 से 12 मार्च तक की परीक्षाओं की ओएमआर शीट 16 मार्च को क्षेत्रीय कार्यालय और 18 मार्च को कंप्यूटर फर्मों को भेजी जाएगी।
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों, उपनियंत्रकों, प्रधानाचार्यों और संकलन केंद्रों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन कार्य 17 मार्च से शुरू कराने की योजना है, लेकिन अंतिम तिथि में परिवर्तन संभव है। जल्द ही इस संबंध में औपचारिक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।