राजपुर में नीतीश कुमार का स्वागत, जीविका दीदियों ने जताया आभार
राजपुर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल हुईं। महिलाओं ने आत्मनिर्भरता और सम्मान दिलाने के लिए आभार जताया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजपुर आगमन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। राजपुर के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की मौजूदगी देखने को मिल रही है। महिलाएं मुख्यमंत्री से मिलने और उनके संबोधन को सुनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से ही आज महिलाएं घरों से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उनके अनुसार, इन योजनाओं ने न सिर्फ उन्हें आर्थिक मजबूती दी है बल्कि समाज में सम्मान और पहचान भी दिलाई है।
महिलाओं ने यह भी बताया कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी महिलाओं के उत्थान और जीविका योजनाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि, “अब तो प्रधानमंत्री जी भी हमारे लिए काम कर रहे हैं, हम उनके भी आभारी हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद महिलाओं में विशेष उत्साह का माहौल है। जीविका दीदियों का कहना है कि सरकार की योजनाओं ने उन्हें आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। उनका मानना है कि मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार की पहल से ग्रामीण महिलाएं अब समाज और अर्थव्यवस्था में मजबूत भूमिका निभा रही हैं।